संविधान दिवस पर पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय रानी कर्णावती में हुआ प्रस्तावना का सामूहिक वाचन, बच्चों को बताए गए संवैधानिक मूल्य
मिर्जापुर। संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर 2026 को नगर पालिका क्षेत्र के बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय रानी कर्णावती में संविधान दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया और संविधान में निहित मूल्यों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की प्रधानाध्यापक एवं राष्ट्रपति शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित मधुरिमा तिवारी ने विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के निर्माण, उसके महत्व तथा नागरिकों के मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। इसी ऐतिहासिक दिन की याद में प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है।
उन्होंने बच्चों को संविधान की प्रस्तावना में उल्लिखित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व जैसे महत्वपूर्ण मूल्यों के बारे में समझाते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक को संविधान का सम्मान करना चाहिए और अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक रहना चाहिए।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक भावना, सामाजिक समानता, आपसी भाईचारे और जिम्मेदार नागरिकता की समझ विकसित करना रहा।
बेसिक शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ संवैधानिक मूल्यों और नागरिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने के लिए इस प्रकार की गतिविधियां लगातार आयोजित की जा रही हैं।
2023 @ DL NEWS. All Rights Reserved.