News Express

बेलतर चौकी-तेलियागंज रोड: 24 घंटे में उखड़ने लगीं गिट्टियां, अधूरे निर्माण पर गुणवत्ता के सवाल

बेलतर चौकी-तेलियागंज रोड: 24 घंटे में उखड़ने लगीं गिट्टियां, अधूरे निर्माण पर गुणवत्ता के सवाल

  
सड़क पूरी तरह बनी भी नहीं और कई जगहों से मटेरियल उखड़ने लगा; नागरिकों ने जिला प्रशासन व लोक निर्माण विभाग से जांच व दोषी ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की

मिर्जापुर। जिले में विकास कार्यों की जमीनी हकीकत एक बार फिर सामने आई है। बेलतर चौकी से तेलियागंज तक बन रही सड़क का निर्माण कार्य अभी पूरा भी नहीं हुआ है कि महज 24 घंटे के अंदर उसकी गिट्टियां और तारकोल उखड़ने लगे हैं। इससे निर्माण में इस्तेमाल की गई सामग्री की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार इस मार्ग का निर्माण कुछ दिन पहले ही शुरू हुआ था। वीडियो फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि सड़क के किनारे से गिट्टी और तारकोल अलग-अलग होकर बिखर रहे हैं। समस्या सिर्फ एक-दो स्थान तक सीमित नहीं, बल्कि कई जगहों पर यही हालत नजर आ रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि जिस तेजी से गिट्टी उखड़ रही है, उससे लगता है कि अगले एक हफ्ते के अंदर सड़क पर गड्ढे पड़ना शुरू हो जाएंगे। नाम न छापने की शर्त पर एक स्थानीय निवासी ने कहा, “ये विकास की असली तस्वीर है। इसे विकास कहें या गड्ढा-मुक्त भारत अभियान की उल्टी शुरुआत। मटेरियल कैसा लगाया गया है, ये देखने वाली बात है।”

क्षेत्र के लोगों में इस मामले को लेकर काफी आक्रोश है। उन्होंने जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से सड़क की जांच कराने, दोषी ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करने और सड़क को निर्धारित मानकों के अनुसार दोबारा बनवाने की मांग की है।

.................. शहर कोतवाली पुलिस ने हत्या के प्रयास के आरोपी को अवैध पिस्टल समेत दबोचा, दो नाबालिग भगाने के मामलों में भी गिरफ्तारियां मीरजापुर, जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों के खिलाफ सख्ती बरतते हुए पुलिस ने एक दिन में कई महत्वपूर्ण सफलताएं हासिल कीं। इनमें शहर कोतवाली का मामला सबसे प्रमुख रहा। थाना कोतवाली शहर में एक व्यक्ति द्वारा नामजद आरोपी के खिलाफ शराब के नशे में धमकी देते हुए पिस्टल दिखाने और लहराने की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए उप निरीक्षक जयदीप सिंह चौकी प्रभारी कचहरी की टीम ने मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी विवेक श्रीवास्तव (पुत्र स्व. पोखराज श्रीवास्तव, निवासी रमईपट्टी मिशन कम्पाउंड) को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक अवैध पिस्टल (7.56 बोर) तथा एक कारतूस बरामद किया गया। आरोपी को अदालत भेज दिया गया है। इसी क्रम में थाना विन्ध्याचल में नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में आरोपी आशीष कुमार (पुत्र राम प्रकाश, निवासी नचनियाबीर) को उप निरीक्षक संतोष कुमार उपाध्याय की टीम ने गिरफ्तार किया। थाना कछवां में नातिन को भगाने के आरोप में शनी पटेल (पुत्र संजय पटेल, निवासी व्यासपुर) को उप निरीक्षक राणा प्रताप सिंह की टीम ने गिरफ्तार किया। दोनों मामलों में भी आरोपियों को अदालत/जेल भेज दिया गया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले में 18 लोगों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170/126/135 के तहत चालान किया गया। इनमें थाना विन्ध्याचल से 2, कोतवाली देहात से 1, चिल्ह से 5, पड़री से 1, हलिया से 1, चुनार से 4 तथा अदलहाट से 4 व्यक्ति शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर सभी थानों में अपराधियों के खिलाफ निरंतर कार्रवाई जारी है।

.................... मीरजापुर में इंडियन बैंक रिटायरिज एसोसिएशन की बैठक सम्पन्न मीरजापुर। इंडियन बैंक, डंकिनगंज शाखा परिसर में शनिवार को इंडियन बैंक रिटायरिज एसोसिएशन, मीरजापुर इकाई की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष बी. बी. लाल ने की। बैठक में मुख्य रूप से बैंक कर्मचारियों के पेंशन अपडेशन के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की गई। इस विषय पर संस्था के मंत्री राजीव रंजन प्रसाद ने विस्तार से प्रकाश डाला। बैठक को संबोधित करते हुए सुरेश पाण्डेय, डी. पी. राय, जे. पी. उपाध्याय, रमाशंकर जायसवाल एवं केदारनाथ 'सविता' ने भी अपने विचार व्यक्त किए। बैठक के अंत में संस्था की सदस्य श्रीमती निर्मला देवी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया। उपस्थित सदस्यों ने उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर बाल कुमार, बदरुद्दीन, श्रीमती लिपिका राउत, शीला, घुटटूर सहित अनेक सेवानिवृत्त कर्मचारी उपस्थित रहे।

................. साहू समाज की संयुक्त बैठक में गांधी चौक निर्माण और तेलिनिया घाट के सौंदर्यीकरण पर बनी रूपरेखा मिर्जापुर। भारतीय तैलिक साहू राठौर महासभा उत्तर प्रदेश एवं साहू समाज युवा संघ, मिर्जापुर की संयुक्त बैठक रविवार 2026 को साहू कटरा, संगमोहल, मिर्जापुर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष श्री राम कुमार गुप्ता ने की। बैठक का शुभारंभ समाज के कृष्णा गुप्ता की माता जी के देहावसान पर दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना के साथ किया गया। बैठक में तीन प्रमुख विषयों पर सारगर्भित चर्चा हुई - 1. गांधी चौक के निर्माण पर विचार और जल्द कार्यान्वयन के लिए समन्वय, 2. तेलिनिया घाट के नाम में सुधार तथा उसके वातावरण, स्वच्छता और सुंदरीकरण के उपाय, 3. प्रतिभा सम्मान समारोह के आयोजन की रूपरेखा, संभावित तिथियों और जिम्मेदार सदस्यों का चयन। बैठक में भोला नाथ साहू, शशिधर साहू, शुभम गुप्ता, बिनोद गुप्ता, अनूप गुप्ता, रवि गुप्ता, मनीष गुप्ता, अखिलेश गुप्ता, प्रदीप गुप्ता, आशीष गुप्ता, वीरेंद्र गुप्ता, दीना गुप्ता, अमर नाथ गुप्ता, अंकित गुप्ता, सुरेश साहू, अक्षय साहू, बाबू राम गुप्ता, गंगाराम, प्रिंस संजय गुप्ता सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। अंत में सभी सदस्यों ने सामाजिक विकास, स्थानीय धरोहरों के सुधार तथा युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए एकजुट होकर सहयोग देने का संकल्प लिया।

Latest News

Newsletter

2023 @ DL NEWS. All Rights Reserved.